यूपी में 5 से 17 नवंबर तक सभी पुलिसवालों की छुट्टियां रद्द
05 November
दीपावली और छठ पूजा को देखते हुए यूपी भर के पुलिसकर्मियों की छुट्टियों पर अस्थायी रूप से रोक लग गई है। डीजीपी राजीव कृष्ण ने 5 नवंबर से 17 नवंबर तक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश निरस्त करने के निर्देश दिए हैं। आदेश में कहा गया है कि अपरिहार्य और विशेष परिस्थितियों में ही अवकाश दिया जाएगा। सामान्य परिस्थितियों में किसी भी पुलिसकर्मी को छुट्टी नहीं दी जाएगी।
यूपी DGP की ओर से जारी इस आदेश की प्रति सभी विशेष पुलिस महानिदेशक, अपर पुलिस महानिदेशक यानी ADG, सभी पुलिस कमिश्नर, जिला पुलिस प्रमुखों (ASP व SP), रेलवे के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों तथा PAC व विशेष सुरक्षा बल समेत पुलिस की अन्य सभी शाखाओं को भेजी गई है। सभी जोन और रेंज के पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं। मुख्यालय का मानना है कि दीपोत्सव, लक्ष्मी पूजन, गोवर्धन पूजा, भाईदूज और छठ पर्व के दौरान लगातार पुलिस बल की पर्याप्त उपलब्धता अनिवार्य है ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
Tags

