जिस पिता ने जिंदगी दी, उसके शव के लिए भी नहीं पहुंचे बेटे; 5 दिन तक सड़ता रहा शव
19 August
दक्षिण दिल्ली के कालकाजी थाना क्षेत्र से बुजुर्ग पिता की अनदेखी का झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। गोविंदपुरी एक्सटेंशन में 64 वर्षीय म्यूजिशियन रवि डे का शव करीब पांच दिन तक घर में पड़ा सड़ता रहा। हैरानी की बात यह है कि उनके दोनों बेटे लाजपत नगर में महज करीब साढ़े पांच किलोमीटर की दूरी पर रहते हैं। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त की रात करीब 11 बजे कालकाजी थाना पुलिस को एक घर से तेज बदबू आने की सूचना मिली। थानाध्यक्ष अजय कुमार और एसआई सचिन टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो रवि डे का शव बाथरूम के गेट के पास पड़ा मिला। शव पूरी तरह सड़-गल चुका था।
पुलिस ने पड़ोसियों से पूछताछ के बाद लाजपत नगर में रहने वाले मृतक के दोनों बेटों को सूचना दी। पुलिस के मुताबिक, सूचना मिलने के बावजूद दोनों बेटे तत्काल मौके पर नहीं आए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स में रखवा दिया। पुलिस के समझाने के बाद 16 अगस्त को दोनों बेटे एम्स पहुंचे और पिता के शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद वे शव अपने साथ ले गए। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों के बयान दर्ज कर रही है। इस घटना ने हाल में सोनीपत के एक वृद्धाश्रम में हुई घटना की याद भी ताजा कर दी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं बुजुर्गों की देखभाल, अकेलेपन और बदलते पारिवारिक रिश्तों पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
Tags

