सुल्तानपुर : अवैध संबंधों के चलते पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी पति की हत्या
17 February
सुल्तानपुर
लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के मदनपुर पनियार में सनसनीखेज हत्याकांड के बाद मदनपुर पनियार का माहौल अभी भी बेहद गमगीन बना हुआ है। मृतक के परिजनों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि जब तक उन्हें पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था और बच्चों के भविष्य को लेकर लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता,तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
परिवार का कहना है कि घटना के बाद से वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उनका आरोप है कि यदि प्रशासन ने समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए, तो परिवार पर दोबारा खतरा मंडरा सकता है। इसी वजह से परिजन शव को घर पर रखकर न्याय और सुरक्षा की मांग पर अड़े हुए हैं।
घटना की खबर फैलते ही गांव में ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। पूरे इलाके में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग भी परिवार के समर्थन में खड़े नजर आ रहे हैं और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।
मृतक के भाई अजीत सिंह ने कहा, “बिना लिखित आश्वासन के हम अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। हमें बच्चों के भरण-पोषण से लेकर परिवार की सुरक्षा तक की गारंटी चाहिए।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मौके पर न तो राजस्व टीम पहुंची और न ही पुलिस के उच्च अधिकारी, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई है।
सूत्रों के मुताबिक प्रशासन परिवार को समझाने का प्रयास कर रहा है, लेकिन परिजन ठोस और लिखित भरोसे से कम पर तैयार नहीं हैं। अब सबकी नजर शासन-प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है—देखना होगा कि अधिकारी इस संवेदनशील मामले को कितनी जल्दी सुलझा पाते हैं और परिवार को भरोसा दिलाकर अंतिम संस्कार कराते हैं या गतिरोध जारी रहेगा।

