बाराबंकी में सरयू का रौद्र रूप, नदी में समा गई मस्जिद, चिकित्सालय की बाउंड्री नदी में बही
27 September
बाराबंकी के सरयू-घाघरा नदी ने हेतमापुर में एक बार फिर रौद्र रूप दिखाया है। लगातार हो रही बारिश के बीच नदी की कटान अचानक तेज हो गई है। कई दिनों से नदी के मुहाने पर खड़ी मस्जिद आखिरकार शनिवार को तेज धारा की चपेट में आकर नदी में समा गई। इसके बाद अब कटान बाबा नारायण दास मंदिर और पशु चिकित्सालय के बेहद करीब पहुंच गई है। पशु चिकित्सालय की बाउंड्री का हिस्सा पहले ही नदी में बह चुका है। खतरे को देखते हुए जरूरी सामान बाहर निकालने का काम शुरू कर दिया गया है।
वही ग्रामीणों के मुताबिक हेतमापुर क्षेत्र में पिछले कई दिनों से सरयू-घाघरा लगातार कटान कर रही थी। नदी की तेज धारा के कारण किनारे की जमीन धीरे-धीरे खिसक रही थी। नदी के मुहाने पर स्थित मस्जिद का हिस्सा पहले ही कटान की चपेट में आ गया था। लगातार जमीन कटने से मस्जिद का बड़ा हिस्सा असुरक्षित हो गया था। शनिवार को कटान और तेज हुई और मस्जिद का बचा हिस्सा भी नदी की धारा में समा गया।
हेतमापुर में कटान की रफ्तार का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि शनिवार को पशु चिकित्सालय मुख्य कटाव वाले स्थान से करीब 15 मीटर दूर बताया जा रहा था। हालांकि, इससे पहले ही चिकित्सालय की बाउंड्री का हिस्सा नदी में समा चुका था। अब कटान लगातार भवन की ओर बढ़ रही है।
खतरे को देखते हुए पशु चिकित्सालय से जरूरी सामान निकालने का काम शुरू कर दिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि कटान की यही रफ्तार रही तो जल्द ही चिकित्सालय का भवन भी इसकी चपेट में आ सकता है।
Tags

