UP में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य, योगी सरकार ने अफवाहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी...
28 March
लखनऊ
उत्तर प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच योगी सरकार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि प्रदेश में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और कहीं भी किसी प्रकार का संकट नहीं है. खाद्य एवं रसद विभाग के प्रमुख सचिव रणवीर प्रसाद ने कहा कि सभी जिलों में मांग के अनुरूप पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है. उन्होंने कहा कि सरकार पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आम जनता को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी, सरकार ने लोगों से विशेष अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और घबराहट में आकर ईंधन की अनावश्यक खरीदारी न करें.
हाल के दिनों में कुछ असत्य और भ्रम फैलाने वाले संदेश तेजी से प्रसारित किए जा रहे हैं जिनमें ईंधन की कमी का दावा किया जा रहा है. इन खबरों को पूरी तरह गलत बताते हुए अधिकारियों ने कहा कि यह कुछ शरारती तत्वों की साजिश है जिनकी पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही योगी सरकार ने सभी जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पेट्रोल पंपों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखें, यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी आपूर्ति बाधित न हो. तेल कंपनियों के साथ समन्वय बनाकर अतिरिक्त आपूर्ति की व्यवस्था भी की गई है ताकि किसी भी अप्रत्याशित स्थिति में भी ईंधन की उपलब्धता बनी रहे.
Tags

