सुल्तानपुर : आयुष्मान कार्ड से 2100 लेने के आरोप, कार्रवाई न होने से पीड़ित ने फिर लगाई न्याय की गुहार
17 September
सुलतानपुर।
धनपतगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में आयुष्मान योजना के तहत बुजुर्ग महिला के इलाज के नाम पर ₹2100 लिए जाने के आरोप का मामला एक बार फिर सामने आया है। मामले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज महिला के बेटे दिलीप कुमार मिश्र ने अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
बताया जाता है कि मझवारा निवासी सावित्री पत्नी जगदंबा प्रसाद विना इलाज किए आयुष्मान योजना से ₹2100 लिए जाने का आरोप लगाया गया था। इस संबंध में पूर्व में शिकायत भी की गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि शिकायत किए जाने के बाद डॉ. अरुणेश सिंह द्वारा उसे फंसाने की धमकी दी गई।
मामला मुख्यमंत्री स्तर तक पहुंचने के बाद संबंधित विभाग में शिकायत की गई, लेकिन पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जांच के नाम पर मामले में लीपापोती कर दी गई और किसी जिम्मेदार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इससे पीड़ित परिवार में नाराजगी है।
पीड़ित ने जिलाधिकारी व मुख्य चिकित्साधिकारी दिया प्रार्थना पत्र
अब महिला के बेटे दिलीप कुमार मिश्र ने दोबारा प्रार्थना पत्र देकर अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि आयुष्मान योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों को नि:शुल्क उपचार उपलब्ध कराने के लिए है। ऐसे में यदि योजना के नाम पर धन लिया गया है तो इसकी गंभीरता से जांच होनी चाहिए।
पीड़ित परिवार ने उच्च अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई और न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
अब देखना यह है कि दोबारा दिए गए प्रार्थना पत्र पर स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।
Tags


