पांच फरवरी से भारत के राजकीय दौरे पर आएंगे सेशेल्स के राष्ट्रपति, विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी
03 February
सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी पांच से दस फरवरी तक भारत का राजकीय दौरा करेंगे। हर्मिनी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर यात्रा कर रहे हैं। पिछले अक्तूबर में राष्ट्रपति का पदभार संभालने के बाद उनका यह पहला भारत दौरा होगा। विदेश मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने बताया कि यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संबंधों की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है।
अपने भारत दौरे के दौरान राष्ट्रपति हर्मिनी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक में ऐसे द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे, जिनमें दोनों देशों की समान रुचि होगी। राष्ट्रपति हर्मिनी चेन्नई और मुंबई भी जाएंगे, जहां वह व्यापारिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

